- Hindi News
- छत्तीसगढ़
- आतंकवादियों की कायराना हरकत से प्रदेश ने अपना बेटा खोया": मुख्यमंत्री विष्णु देव साय...
आतंकवादियों की कायराना हरकत से प्रदेश ने अपना बेटा खोया": मुख्यमंत्री विष्णु देव साय...
रायपुर/ जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के व्यापारी दिनेश मिरानिया को आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत मिरानिया के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया। साय ने यह भी कहा कि स्वर्गीय मिरानिया की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए किसी सड़क या चौक का नाम उनके नाम पर रखने पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "आतंकवादियों की इस कायराना हरकत ने प्रदेश को गहरा आघात पहुँचाया है। यह सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की क्षति है।" उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह हमला पाकिस्तान के शह पर किया गया है और इसका जवाब देश एकजुट होकर देगा।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक किरण देव, राजेश मूणत और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
